
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में मारपीट और धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। टिनप्लेट पिद्रा रोड निवासी सीताराम सिंह ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र पर चापड़ से जानलेवा हमला किया गया, वहीं बाद में आरोपियों के परिजनों ने केस वापस लेने के लिए दबाव बनाते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, 21 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे उनके पुत्र संदीप कुमार सिंह को उसके दोस्त रितीक दास ने टेल्को चलने के लिए बुलाया। दोनों बारीडीह पहुंचे, जहां दो युवतियां उनका इंतजार कर रही थीं। इसके बाद सभी टेल्को स्थित लोयोला बी.एड. कॉलेज ( बिरसानगर थाना अंतर्गत ) के पास पहुंचे। वहीं अचानक अफरा-तफरी मच गई और इसी दौरान बजाज पल्सर बाइक से आए तीन युवकों—आदित्य गिल, रमन और अनंत—ने हमला कर दिया।
आरोप है कि आदित्य गिल ने धारदार चापड़ निकालकर हमला किया, जिसमें रितीक दास गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि संदीप कुमार सिंह ने किसी तरह खुद को बचाया। हमले के दौरान संदीप के कान में भी चोट आई। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से दोनों की जान बच सकी और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद एक आरोपी का मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे स्थानीय व्यक्ति ने उठाकर पीड़ित पक्ष को सौंप दिया। इस संबंध में पहले ही बिरसानगर थाना में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।
सीताराम सिंह ने आगे आरोप लगाया कि 22 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे मुख्य आरोपी आदित्य गिल के पिता सुखविंदर सिंह उर्फ दीपु सिंह करीब 15 लोगों के साथ उनके घर पहुंचे और केस वापस लेने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित परिवार ने गोलमुरी थाना से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की प्रतीक्षा की जा रही है।