
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में महिला से हुई चेन छिनतई मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो छिनतई करने वाले अपराधियों समेत चोरी का सोना खरीदने वाले एक ज्वेलर्स कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने की अंगूठियां, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और नकद राशि बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को कदमा थाना क्षेत्र के अनिल सुरपथ में स्कूटी सवार दो अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था। अपराधियों ने महिला अनीता चौधरी के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। घटना के बाद कदमा थाना में मामला दर्ज किया गया था।
एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जांच शुरू की। इसके बाद 6 मई को टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की चेन खरीदने वाले जेपी ज्वेलर्स के संचालक निखिल सोनी को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि छीनी गई सोने की चेन को गलाकर तीन अंगूठियों में बदल दिया गया था। आरोपियों ने चेन को करीब 25 हजार रुपये में बेचा था, जिसमें से 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागान बस्ती आदित्यपुर निवासी प्रकाश पटेल, भाटिया बस्ती कदमा निवासी प्रीतम सिंह उर्फ पप्पी और कुंजनगर सोनारी निवासी निखिल सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रकाश पटेल का पूर्व में भी चोरी और आर्म्स एक्ट के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है।
बरामद सामानों में करीब 5 ग्राम वजन की तीन सोने की अंगूठियां, घटना में प्रयुक्त स्कूटी और 15 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
हाल के महीनों में जमशेदपुर में चेन छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं, जिसके बाद पुलिस ने निगरानी और गश्त बढ़ाई है।