
जमशेदपुर के गोविंदपुर क्षेत्र में आयोजित एक शादी रिसेप्शन समारोह के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मेहमानों को परोसी जा रही आइसक्रीम की एक्सपायरी डेट समाप्त निकली। घटना सामने आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, रिसेप्शन में लगाए गए आइसक्रीम स्टॉल पर मेहमान आइसक्रीम ले रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर आइसक्रीम के पैकेट पर अंकित एक्सपायरी डेट पर पड़ी। जांच करने पर पता चला कि टेबल पर रखी कई आइसक्रीम की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी।

इसके बाद मेहमानों ने नाराजगी जताते हुए आयोजकों और सप्लायर से जवाब मांगा। देखते ही देखते मौके पर बहस और हंगामा शुरू हो गया। लोगों का आरोप था कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री परोसकर मेहमानों की सेहत के साथ खिलवाड़ किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। हालांकि बाद में मामले को शांत कराया गया। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से मामले की जांच कराने की मांग की है।
फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि एक्सपायरी आइसक्रीम गलती से परोसी गई या लापरवाही पूर्वक इस्तेमाल की जा रही थी।