
जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित केबुल बस्ती में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ के दौरान चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने एक महिला के गले से सोने की चेन उड़ा ली।
जानकारी के अनुसार, केबुल टाउन निवासी इंदु सिंह रविवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए महायज्ञ स्थल पर पहुंची थीं। यज्ञशाला का फेरा लगाने के दौरान ही किसी ने उनके गले से करीब दो तोला सोने की चेन पार कर दी। महिला को घटना का एहसास तब हुआ, जब उन्होंने अपने गले को खाली पाया।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़िता ने तत्काल आयोजन समिति और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि महायज्ञ में भारी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण इस तरह की वारदात को अंजाम दिया गया।
इस घटना के बाद आयोजकों की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों में सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती को लेकर चिंता जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जा सके।