
जमशेदपुर पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र से ब्राउन शुगर के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी कीमत करीब 3.50 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पति-पत्नी समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्मामाइन्स थाना क्षेत्र के गांधी नगर बस्ती निवासी संतोष सिंह कपाली इलाके से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लेकर आया है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर, निगरानी एवं अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान संतोष सिंह के घर से 124 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई। मौके से संतोष सिंह और उसकी दूसरी पत्नी आयशा खातून उर्फ बिल्लो को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए गोविंदपुर से गौरव कुमार उर्फ अमर और अमित कुमार को 39 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। वहीं मानगो इलाके से मुख्य पेडलर संजय गोस्वामी उर्फ संजय बंगाली को 12 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दबोचा गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार सभी आरोपी उसी सिंडिकेट से जुड़े हैं, जिसका लिंक हाल ही में कपाली से पकड़े गए करीब 16.50 लाख रुपये मूल्य के ब्राउन शुगर मामले से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कई पहले भी नशे के कारोबार में जेल जा चुके हैं और अंतरजिला स्तर पर संगठित होकर बड़े पैमाने पर कारोबार चला रहे थे।
बरामद सामानों में कुल 175 पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका वजन 26.84 ग्राम है, के अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से जमशेदपुर के कई थाना क्षेत्रों में फैले ब्राउन शुगर नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।