
बागबेड़ा रेलवे लॉबी गेट के पास चली गोली, रेलवे कर्मी की मौत
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां रेलवे लॉबी गेट के पास अज्ञात बदमाशों ने एक रेलवे कर्मचारी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो अपराधियों ने रेलवे कर्मचारी पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिससे साफ है कि अपराधियों ने नजदीक से फायरिंग की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक आदित्यपुर का रहने वाला था और रेलवे से जुड़ा ठेकेदारी कार्य भी करता था। बताया जा रहा है कि रेलवे पार्किंग में समतलीकरण का काम भी उसके जिम्मे था।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन जमीन और ठेकेदारी से जुड़े एंगल पर भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।