
जमशेदपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और उपायुक्त (DC) ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शहरी क्षेत्र के प्रमुख परीक्षा केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की सुविधाओं और केंद्रों की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से भी आवश्यक जानकारी ली गई।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचार मुक्त वातावरण में कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर सख्त चेकिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर और किसी भी अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। वरीय पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास गश्त बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखने का निर्देश दिया।

वहीं उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों को गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने और परीक्षा संचालन में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने को कहा। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कदाचार या नियमों के उल्लंघन की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संयुक्त निरीक्षण के जरिए जिला प्रशासन ने यह संदेश दिया है कि JTET 2026 को सफलतापूर्वक और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।