
जमशेदपुर: शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां कैलाश नगर निवासी राजेंद्र झा के दामाद नितेश झा के घर को चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि घटना आज सुबह की है।
परिजनों के अनुसार, घर के सभी सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। घर लौटने पर दरवाजा टूटा मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़ित परिवार का दावा है कि चोर करीब 50 लाख रुपये के जेवरात और लगभग 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि यह घर एक पुलिसकर्मी से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे घटना और भी गंभीर मानी जा रही है।
सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।