
झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले अंतर्गत चांडिल थाना क्षेत्र में न्यू बायपास पर भालूकोचा और सुकसारी के बीच गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक घसीट लिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए जुट गए।
घटना में घायल दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता और विस्थापित नेता राकेश रंजन महतो ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और घायलों को तत्काल इलाज के लिए भेजा। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक झिमड़ी गांव के निवासी थे और किसी काम से चांडिल कॉलेज आए हुए थे। लौटने के दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। चांडिल न्यू बायपास पर करीब 30 घंटे से जाम की स्थिति बनी हुई है, जिससे सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे हुए हैं। सड़क पर लंबी कतारें लग गई हैं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से सख्त कार्रवाई और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है।