
सिदगोड़ा में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 4 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत खालसा क्लब के पास बुधवार रात करीब 10 बजे पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा किया है। टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज की सतर्कता से बागबेड़ा निवासी मनीष मुखी उर्फ बिट्टू मुखी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से करीब 4 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मनीष गांजा बेचने के उद्देश्य से खालसा क्लब के पास पहुंचा था।
स्थानीय लोगों ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए इसकी सूचना टाइगर मोबाइल के जवान तबरेज को दी। सूचना मिलते ही तबरेज मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी बाइक से भागने लगा, लेकिन तबरेज ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया।
भागने के दौरान आरोपी ने तेज रफ्तार में बाइक भगाने की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, कुछ दूरी पर तबरेज ने साहस दिखाते हुए बाइक को रोक लिया और आरोपी को काबू में कर लिया। इस दौरान हल्की झड़प भी हुई, जिसमें तबरेज को चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह किस नेटवर्क के तहत गांजा तस्करी कर रहा था।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।