
जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब महज़ 50 मीटर दूर रूहानी मरकज़ के पास पुरानी रंजिश खूनी झड़प में बदल गई।
घटना में घायल मोहम्मद इब्राहिम उर्फ सोहेब ने बताया कि रात करीब 9 बजे बुलेट बाइक पर सवार होकर यासीन, युसूफ, जादू और अन्य युवक मौके पर पहुंचे और उस पर चाकू से हमला कर दिया। इसी दौरान पप्पू नामक व्यक्ति बचाने पहुंचे, लेकिन हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की और चाकू से वार कर दिया।

इस हमले में सोहेब और पप्पू गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बीच-बचाव के दौरान दूसरे पक्ष के भी कुछ युवक घायल हुए, जिनमें युसूफ, सैफ उर्फ जादू बच्चा और यासीन शामिल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां सैफ उर्फ जादू बच्चा की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। सोहेब के अनुसार, उसने बदला लेने के लिए युवकों पर लाल मिर्च डाल दी थी, जिसके बाद हमलावरों ने चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हमलावरों की बुलेट बाइक में आग लगा दी। वहीं मुख्य आरोपी यासीन मौके से फरार बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद इमरान उर्फ कटप्पा इमरान के कारण शुरू हुआ था।
फिलहाल पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और आज़ाद नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।