
जमशेदपुर। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इंदस विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ का परिचय दिया है। भाजपा प्रत्याशी निर्मल कुमार धारा एक बार फिर विधायक निर्वाचित हुए हैं।

इस महत्वपूर्ण जीत के पीछे संगठनात्मक रणनीति और जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों की अहम भूमिका रही। दिनेश कुमार, जो जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रह चुके हैं, को पश्चिम बंगाल भाजपा द्वारा लगातार दूसरी बार इंदस विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया था। इस जिम्मेदारी के तहत उन्होंने कई महीनों तक क्षेत्र में रहकर संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करने का कार्य किया।
इस जीत पर दिनेश कुमार ने इंदस विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की मेहनत और प्रभावी जनसंपर्क का परिणाम है। उन्होंने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं एवं विशेष रूप से निर्मल कुमार धारा को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई दी।
उन्होंने विश्वास जताया कि निर्मल कुमार धारा के नेतृत्व में इंदस विधानसभा क्षेत्र विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करेगा।