
पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक दिन दर्ज होने जा रहा है। सुवेंदु अधिकारी आज पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। राजधानी कोलकाता के प्रतिष्ठित परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी इसे और भी खास बनाएगी। इसके अलावा केंद्र सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार समारोह में करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। भारी भीड़ और मौसम को देखते हुए आयोजन स्थल पर विशाल वॉटरप्रूफ टेंट लगाए गए हैं, ताकि बारिश की स्थिति में भी कार्यक्रम प्रभावित न हो। बंगाल की सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए परिसर में पारंपरिक झालमुड़ी स्टॉल भी लगाए गए हैं, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। पूरे परेड ग्राउंड और आसपास के इलाकों में करीब 4000 सुरक्षा जवानों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, ड्रोन मॉनिटरिंग और विशेष सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है, ताकि समारोह शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ सत्ता परिवर्तन का प्रतीक नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। पूरे राज्य और देश की निगाहें आज कोलकाता पर टिकी हुई हैं।