
जमशेदपुर में एक नवविवाहित जोड़े के लिए खुशियों भरा सफर उस वक्त सदमे में बदल गया, जब ट्रेन में दुल्हन के गहनों से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया।
यह घटना ट्रेन संख्या बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच (B5) में हुई, जहां दानापुर निवासी स्वराज सुमन और उनकी पत्नी ऋचा कुमारी यात्रा कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों पहली बार एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जमशेदपुर आ रहे थे। गोलमुरी में दुल्हन के फुफेरे भाई की शादी होनी थी, लेकिन इस खुशी के बीच ही बड़ा झटका लग गया।
दंपत्ति के अनुसार, घटना मोकामा रेलवे स्टेशन के पास की है। रातभर के सफर के बाद जब सुबह करीब 5 बजे उनकी नींद खुली, तो गहनों से भरा बैग गायब था। बैग में करीब 30 लाख रुपये के आभूषण होने का दावा किया गया है।
घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने तत्काल जांच शुरू की, लेकिन मौके पर कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।
जमशेदपुर पहुंचने के बाद पीड़ित दंपत्ति ने टाटानगर रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। अब रेल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही मोकामा स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
नई जिंदगी की शुरुआत के साथ हुआ यह हादसा दुल्हन और उसके परिवार के लिए गहरा सदमा बन गया है। वहीं एसी कोच में हुई इस वारदात ने एक बार फिर रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।