
जमशेदपुर के टिनप्लेट क्षेत्र में ठेका मजदूरों की छंटनी और बकाया भुगतान को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मजदूर संगठनों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक हफ्ते में समाधान की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, मेसेर्स ए.बी. कंस्ट्रक्शन के तहत 16 ठेका मजदूर अगस्त 2019 से अक्टूबर 2025 तक नर्सरी में कार्यरत थे। इस दौरान नर्सरी का ठेका कुछ समय के लिए दूसरे वेंडर को दिया गया, लेकिन 6 महीने बाद फिर से ए.बी. कंस्ट्रक्शन को ही सौंप दिया गया।
मजदूरों का आरोप है कि उन्होंने अपनी पिछली अवधि का बकाया भुगतान मांगा, जिसके बाद कंपनी ने 20-25 वर्षों से कार्यरत कुछ मजदूरों को काम से हटा दिया।
इस मुद्दे को एआईटीयूसी सचिव अम्बुज ठाकुर, मजदूर नेता जय किशन और झारखंड मजदूर यूनियन की उपाध्यक्ष पिंकी सिंह ने टिनप्लेट प्रबंधन के समक्ष उठाया है।
मजदूर संगठनों ने प्रबंधन को एक सप्ताह का समय देते हुए मांग की है कि सभी ठेका मजदूरों को वापस काम पर रखा जाए और उनका बकाया भुगतान किया जाए। ऐसा नहीं होने पर कंपनी के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
अब देखना होगा कि तय समय सीमा के भीतर प्रबंधन मजदूरों की मांगों पर क्या फैसला लेता है, या फिर यह मामला आंदोलन की ओर बढ़ता है।