
रामगढ़: जिले के क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से टर्की निर्मित ZIGANA कंपनी का 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 अप्रैल की रात करीब 8 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि सोलिया गांव निवासी अनीश अंसारी अवैध हथियार के साथ घूम रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोलिया गांव में दबिश दी और संदिग्ध से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से 9 एमएम पिस्टल बरामद किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह हथियार उसे राहुल दुबे गैंग के एक सदस्य ने फायरिंग की घटना के बाद छिपाने के लिए दिया था।
इस संबंध में पतरातु थाना कांड संख्या 101/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 35 वर्षीय अनीश अंसारी (पिता: ताहिर अंसारी), निवासी सोलिया, थाना पतरातु, जिला रामगढ़ के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ जबरन वसूली समेत कई मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।