
घाटशिला प्रखंड अंतर्गत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) कार्यालय में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता पूर्वी सिंहभूम जिले के नवनियुक्त ग्रामीण पुलिस अधीक्षक शुभम कुमार खंडेलवाल ने की।
बैठक में जिले के सभी ग्रामीण थाना प्रभारियों एवं पुलिस उपाधीक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
ग्रामीण एसपी ने विशेष रूप से POCSO Act से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
इसके साथ ही बैठक में ग्रामीण इलाकों में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई गई। एसपी ने दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति बनाने, ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान थाना स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, गश्ती व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।