
जमशेदपुर (उलीडीह) से बड़ी खबर:
गुरुवार सुबह जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत डिमना रोड स्थित माउंट व्यू स्कूल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ने व्यक्ति को करीब 50 फीट तक घसीट दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ा, फिर हुआ फरार
घटना के तुरंत बाद कार चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी। हालांकि, हंगामे के बीच चालक किसी तरह वहां से फरार होने में सफल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस ने घायल व्यक्ति को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान डिमना रोड स्थित सुभाष कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय शशि भूषण के रूप में हुई है, जो पेशे से सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता थे।
दिल्ली से लौटे थे, परिवार में पसरा मातम
परिजनों के अनुसार, शशि भूषण गुरुवार सुबह ही दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे। घर से यह कहकर निकले थे कि थोड़ी देर में वापस आ जाएंगे, लेकिन इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने कार जब्त कर शुरू की जांच
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।