
फेसबुक लाइव के जरिए Saryu Roy पर लगाए गए मनगढ़ंत आरोप, जदयू नेताओं ने की FIR की मांग
जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) के युवा मोर्चा के प्रदेश महासचिव Pappu Singh और पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष Neeraj Singh ने बिष्टुपुर स्थित साइबर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपकर मानगो के सहारा सिटी निवासी गोपाल यादव के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि गोपाल यादव ने 21 अप्रैल को फेसबुक लाइव के माध्यम से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़े निराधार, असत्य और मनगढ़ंत आरोप लगाए। जदयू नेताओं के अनुसार, इस तरह की बयानबाजी का उद्देश्य विधायक की सामाजिक और राजनीतिक छवि को धूमिल करना, उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना और आम जनता के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करना है।
नेताओं ने कहा कि उक्त वीडियो में लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे और दुर्भावनापूर्ण हैं, जो जानबूझकर शहर का माहौल खराब करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से किए गए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस तरह की भ्रामक जानकारी का व्यापक प्रसार किया गया, जिससे शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
आवेदन में यह मांग की गई है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर गहन जांच की जाए और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।