
जमशेदपुर में स्ट्रीट वेंडरों द्वारा गैस सिलेंडर के इस्तेमाल का मामला अब प्रशासनिक लापरवाही का रूप लेता दिख रहा है। टिनप्लेट चौक पर अवैध कब्जे में चल रही दुकानों में सिलेंडर उपयोग को लेकर शिकायतें पहले ही जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) और उपायुक्त तक पहुंचाई जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में दर्जनों स्ट्रीट वेंडर खुलेआम एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिससे बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। वहीं, टिनप्लेट चौक की एक अवैध दुकान में केवल 6 सिलेंडरों के इस्तेमाल की बात सामने आई है, जबकि आसपास के अन्य वेंडरों पर कोई नियंत्रण नजर नहीं आ रहा।
लोगों का कहना है कि प्रशासन को पूरे इलाके में व्यापक जांच अभियान चलाना चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कौन-कौन से वेंडर वैध कनेक्शन के साथ काम कर रहे हैं और कौन नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। साथ ही, अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
इस पूरे मामले में अब सवाल यह उठ रहा है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं हुई। यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई, तो भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।