
जमशेदपुर। शहर में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ का है, जहां मंगलवार शाम बीच सड़क पर चापड़ से हमला कर दो नाबालिगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना उस वक्त हुई जब दो अलग-अलग बाइकों पर सवार किशोरों के बीच अचानक विवाद हो गया। देखते ही देखते यह झड़प हिंसक रूप ले गई। एक बाइक पर सवार युवकों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो नाबालिगों पर चापड़ से हमला कर दिया।
हमले के दौरान घबराकर दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। जान बचाने के लिए भाग रहे किशोरों का हमलावरों ने पीछा किया और कुछ दूरी पर उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ वार किए।
एक किशोर की पीठ पर गहरी चोट
दूसरे के कान के पास गंभीर जख्म
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बाजार में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घायलों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आपसी विवाद का मामला मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
गौरतलब है कि जमशेदपुर में लगातार चापड़बाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं। अपराधियों के बीच चापड़ एक नए हथियार के रूप में उभर रहा है। पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी के बावजूद ऐसी घटनाओं पर लगाम नहीं लग पा रही, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है