पीवीटीजी परिवारों के लिए विशेष अभियान शुरू, 25 मई तक गांव-गांव लगेंगे संतृप्तिकरण शिविर

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष जागरूकता एवं लाभुक संतृप्तिकरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के दूरस्थ और जनजातीय बहुल गांवों में चलाया जा रहा है।

उपायुक्त ने बताया कि यह अभियान जनजातीय कार्य मंत्रालय और झारखंड सरकार के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य पीवीटीजी परिवारों तक स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन, पेंशन, आयुष्मान भारत, आवास, पेयजल और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का लाभ एक ही मंच पर उपलब्ध कराना है।

अभियान के तहत जिले के चिन्हित गांवों में विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां स्वास्थ्य जांच, आधार व दस्तावेज सत्यापन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित सेवाएं दी जा रही हैं।

20 मई को “विलेज इमर्शन ड्राइव” के तहत प्रशासनिक अधिकारी, कर्मयोगी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का आकलन करेंगे।

वहीं 21 से 23 मई तक विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर लंबित मामलों और शिकायतों के त्वरित निष्पादन पर फोकस किया जाएगा। 24 मई को अभियान की प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जबकि 25 मई को समाहरणालय में समीक्षा बैठक कर अभियान के अनुभवों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि अभियान पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ चलाया जाए, ताकि कोई भी पात्र पीवीटीजी परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top